पंचकूला के सेक्टर-8-9 की ट्रैफिक लाइटों पर शनिवार को एक अनियंत्रित कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद कार पोल से टकरा गई। कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि कुलवंत कौर (65) निवासी करनाल, बेटे सतविंद्र का उपचार करवाने पंचकूला सेक्टर-15 अपने जानकार के पास आए थे। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे स्कूटी पर सतविंद्र, उनकी माता कुलवंत कौर और सरोज बाला सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल जा रहे थे। सेक्टर-8 की तरफ से ट्रैफिक लाइट पर यवनिका पार्क के सामने तवा चौक सेक्टर-10 की तरफ से आ रही कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़े। अनियंत्रित कार पोल से टकरा गई। लहूलुहान तीनों को सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। जहां कुलवंत कौर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का सामान्य अस्पताल में उपचार चल रहा है। सेक्टर-7 पुलिस चौकी इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। गाड़ी मालिक और वाहन चालक की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।