चंडीगढ़। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में एक इमीग्रेशन कंपनी के 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला हरियाणा के यमुनानगर की रहने वाली है। यमुनानगर निवासी प्रभजोत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने सेक्टर-9 के एससीओ 48-49 में चल रहे एसएक्स वीजा के माध्यम से कनाडा के लिए स्टडी वीजा के लिए आवेदन किया था। इसके लिए सितंबर 2022 में 5.47 लाख रुपये दिए थे। प्रभजोत कौर ने बताया कि उसे कहा गया था कि दो महीने में उसका वीजा आ जाएगा। मगर एक साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी वीजा नहीं आया। उसके बाद रिफ्यूजल आ गया। जब उनसे पैसे मांगे तो पैसे देने से इन्कार कर दिया। इतना ही नहीं, उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और बाउंसरों ने उनको धमकी भी दी।
प्रभजोत कौर ने बताया कि बायोमीट्रिक के नाम पर भी उसके करीब 30 हजार रुपये खर्च करवाए गए। महिला की शिकायत पर सेक्टर-3 थाना पुलिस ने रीत, करण, गुरदीप सिंह, मेहर गिल, रितिका, यशवंत, इशान, जस्मनीत, नवीन, शेफाली, अवनीत और शिवानी के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।