चंडीगढ़। मनीमाजरा से सटे मौलीजागरां थानाक्षेत्र में एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर खाते में से 15600 रुपये निकालने का मामला सामने आया है।
मौली जागरा निवासी अमुदा ने बताया कि 29 जून 2024 को वह विकास नगर स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गया। कुछ तकनीकी दिक्कत के कारण पैसे नहीं निकल रहे थे। इसी दौरान वहां दो युवक आए और पहले से खड़े अमुदा को कहा कि अगर पैसे नहीं निकल रहे हैं तो वे मदद कर देते है। इसी दौरान ठगों ने शिकायतकर्ता का एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में उसके एटीएम कार्ड का प्रयोग करके खाते में से 15 हजार 600 रुपये निकाल लिए। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों का पता लगाने के लिए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी।