सेक्टर 19 के एक घर में जोरदार धमाके के बाद लगी आग में जलकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चे समेत चार झुलस गए। झुलसने वालों की हालत गंभीर बनी है। घटना शाम साढ़े सात बजे की है।
फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग बुझाई जबकि फोरेंसिक एक्सपर्ट ने मौके से सैंपल लिए। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-19 में रहने वाले हार्टिकल्चर कर्मचारी सुंदर अपने परिवार के साथ रहते हैं।
बुधवार शाम साढ़े सात बजे अचानक उनके घर में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर कॉलोनी में हड़कंप मच गया। लोग सुंदर के घर की ओर दौड़े तो वहां आग लगी हुई थी।
तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। आग में सुंदर की पत्नी सरोज(50) की मौत हो गई जबकि सुंदर, उसकी मां पालो देवी(80), बेटी ऊषा और उसका चार साल का बेटा अर्पित बुरी तरह झुलस गए।
पुलिस ने सुंदर और ऊषा को पीजीआई और पालो देवी व मासूम अर्पित को सेक्टर 16 के जनरल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से हालत गंभीर देखते हुए ऊषा को पीजीआई रेफर कर दिया। वह 70 प्रतिशत जल चुकी है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं सुंदर को सेक्टर 32 अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक है।
एसएसपी ने किया मौका मुआयना
हादसे की सूचना मिलते ही एसएसपी ने खुद पहुंचकर मौका मुआयना किया। फारेंसिक टीम ने भी आग लगने का कारण जानने के लिए घटनास्थल से सैंपल लिए हैं। सेक्टर 19 थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि धमाके से घर के शीशे भी टूट गए। खिड़की और दरवाजों से आग की लपटें बाहर आने लगीं। सुंदर की पत्नी सरोज आग से झुलसने के कारण दरवाजे की बीच मृत पड़ी थी। पुलिस का कहना है कि आग लगने का कारण घायलों के बयान के बाद ही सामने आएगा। एसएसपी निलांबरी विजय जगदाले ने अस्पताल में भी हादसे के शिकार लोगों का हाल जाना।
एसएपी निलांबरी विजय जगदाले ने बताया कि आग से जलकर महिला की मौत हुई है। हालांकि आग किस वजह से लगी इसकी जांच की जा रही है।
आल सेंटर