चंडीगढ़। ट्राइसिटी में रविवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। सर्द हवाओं ने दिन को शिमला और श्रीनगर से भी सर्द बना दिया। चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि शिमला का अधिकतम पारा 14.8 डिग्री और श्रीनगर का 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड को देखते शिक्षा विभाग ने 14 जनवरी तक स्कूल बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। घने कोहरे की वजह से सात उड़ानें रद्द रहीं। कई ट्रेनें रहीं। दस उड़ानें देरी से उड़ीं। वहीं, रणजी ट्रॉफी मैच भी रद्द करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार दिन में सर्दी ज्यादा महसूस होने का मुख्य कारण अधिकतम तापमान में गिरावट है। रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में महज 3.8 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। सुबह के समय कोहरा भी बहुत ज्यादा था। शहर के कई इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। घने कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। आवाजाही भी सामान्यतः कम रही। पूरे दिन सूरज नहीं निकला और शाम को ठंडी हवाएं चलीं, जिसने लोगों की कंपकपी छुड़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, मोहाली में अधिकतम तापमान 13.6, जबकि न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री दर्ज किया गया। अगले दो-तीन दिन तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
आज ''कोल्ड डे'' की घोषणा, कोहरे बढ़ा सकता है परेशानी
मौसम विभाग ने सोमवार को चंडीगढ़ में ''कोल्ड डे'' की घोषणा की है। इसके अनुसार शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहेगा। कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है और धूप निकलने की भी संभावना कम है। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। सर्दी काफी ज्यादा रहेगी इसलिए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने को कहा है।
आठवीं तक के छात्रों की छुट्टियां 14 जनवरी तक बढ़ी
शिक्षा विभाग ने शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में आठवीं कक्षा के बच्चों की छुट्टियां 14 जनवरी तक बढ़ा दी है। नौवीं से 12वीं कक्षा के बच्चों की नौ जनवरी से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। विभाग ने रविवार को अपने एक दिन पहले जारी किए निर्देश को संशोधित कर नए आदेश जारी किए। सर्दियों की छुट्टियों के बाद मंगलवार को सरकारी स्कूल खुलने थे लेकिन मौसम के आसार सही न होने से विभाग ने माध्यमिक कक्षा तक बच्चों की छुट्टियां छह दिन के लिए बढ़ा दी हैं। छुट्टियां 13 जनवरी तक हैं और 14 को रविवार है, इसलिए स्कूल पूरी तरह से 15 जनवरी से खुलेंगे। हालांकि, स्कूल अगर चाहें तो ऑनलाइन कक्षाएं लगा सकते हैं। नौवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को नौ जनवरी से स्कूल आना होगा। उनकी कक्षाएं साढ़े नौ बजे से ढाई बजे तक लगेंगी। सरकारी स्कूल के शिक्षकों के लिए स्कूल का समय 8:45 से 2:45 बजे तक है। निजी स्कूल साढ़े नौ बजे से पहले नहीं खुल सकते और अधिकतम साढ़े तीन बजे तक उन्हें विद्यार्थियों की छुट्टी करनी होगी। निजी स्कूल इसके अनुसार शिक्षकों का समय निर्धारित कर सकते हैं।
रणजी ट्रॉफी पर कोहरे की मार, नहीं डाल पाए एक भी गेंद
रविवार को सुबह से ही चल रहे खराब मौसम और धुंध के चलते सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में चंडीगढ़ और रेलवे के बीच खेले जा रहे चार दिवसीय रणजी ट्राफी मुकाबले में बाधा पड़ी। रविवार को मैच के तीसरे दिन घने कोहरे के कारण एक भी गेंद नहीं डाली गई। इसके बाद दोपहर तक मैच अंपायरों ने कम रोशनी के कारण मैच को खेलने लायक नहीं बताया। इससे पहले शनिवार को मुकाबले दूसरे दिन चंडीगढ़ को 96 रनों पर ढेर कर रेलवे ने चार विकेट के नुकसान पर 313 रन बना लिए थे।
ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक
कोहरे ने रविवार को ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। कालका हावड़ा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से तीन घंटे लेट चल रही है। यह ट्रेन सोमवार सुबह करीब चार बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वहीं, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस दो घंटे लेट रही। इस ट्रेन के चंडीगढ़ पहुंचने का समय दोपहर करीब साढ़े तीन बजे है। यह ट्रेन साढ़े पांच बजे पहुंची। इसके अलावा चंडीगढ़-बांद्रा 40 मिनट लेट रही। वहीं, वंदे भारत 10 मिनट और कालका न्यू दिल्ली शताब्दी पांच मिनट लेट रही।
खराब मौसम के चलते उड़ानें प्रभावित
चंडीगढ़। कोहरे और धुंध की वजह से रविवार को मौसम के खराब होने से शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली सात फ्लाइटें रद्द कर दी गईं, वहीं 10 लेट रहीं। रद्द होने वाली फ्लाइटों में चंडीगढ़-मुबंई (6ई5261), चंडीगढ़-पुणे (6ई681), चंडीगढ़-दिल्ली (6ई2193), चंडीगढ़-जयपुर (6ई7413), चंडीगढ़-अहमदाबाद (6ई6395), चंडीगढ़-बंगलुरू (6ई6634) और चंडीगढ़-पुणे (6ई242) शामिल रहीं। एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली तीन फ्लाइटें अपने निधार्रित समय से तकरीबन 2-3 घंटे की देरी से रवाना हुईं जबकि 7 फ्लाइटें 20 से 35 मिनट की देरी से गईं। देरी से उड़ान भरने वाली फ्लाइटों में चंडीगढ़-मुबंई (यू.के.654) दो घंटे, चंडीगढ़-बंगलूरू (6ई6633) 4:40 घंटे और चंडीगढ़-जयपुर (6ई7404) 1:45 घंटे लेट रहीं।
अगले पांच दिनों का तापमान
तारीख- अधिकतम तापमान- न्यूनतम तापमान
08 जनवरी - 14 - 8
09 जनवरी - 14 - 8
10 जनवरी - 15 - 9
11 जनवरी - 16 - 8
12 जनवरी - 15 - 9