इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित होटल टरक्योज में चल रही क्रिसमस पार्टी में बिना लाइसेंस शराब परोसी जा रही थी। आबकारी एवं कराधान विभाग ने देर रात लगभग 11.30 बजे होटल में छापा मारा।
विभाग ने जांच में पाया कि होटल के अंदर क्रिसमस पार्टी में लगभग 150 से 200 युवा थे और यहां पर बिना लाइसेंस के शराब परोसी जा रही थी। एक्साइज डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने परोसी जा शराब की वीडियोग्राफी कर अवैध शराब जब्त कर ली। एक्साइज डिपार्टमेंट ने होटल के अंदर बिना लाइसेंस के अवैध रूप से परोसी जा रही शराब के चलते मैनेजर व मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसकी रिपोर्ट बनाकर एक्साइज कमिश्नर अजित बालाजी जोशी को भेजी जाएगी।
बता दें कि इससे पहले सेक्टर-9 स्थित मियामी क्लब को एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने बिना लाइसेंस शराब परोसने के मामले में एक लाख रुपये जुर्माना लगाया था। बीते चार नवंबर को एक्साइज डिपार्टमेंट ने मियामी क्लब में रेड की थी। डिपार्टमेंट को तीन से चार बार पहले भी शिकायत मिली थी कि बिना लाइसेंस के क्लब में शराब परोसी जाती है। जब विभाग ने यहां रेड की थी, उस दौरान 200 युवा शराब के नशे में धुत डांस फ्लोर पर लॉउड म्यूजिक पर हुड़दंग मचा रहे थे। क्लब के पास लाइसेंस नहीं था, इसके बावजूद यहां ब्रांडेड शराब का स्टाक भी पड़ा हुआ था। इसके अलावा एक्साइज ने सेक्टर-10 स्थित रस्टिस डोर क्लब को 55 हजार रुपये जुर्माना लगाया था।
पिछले महीने एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने सेक्टर-17 स्थित बज डिस्कोथेक, सेक्टर-26 स्थित एफ-बार नाइट क्लब और सेक्टर-17 स्थित पिकाडली ब्ल्यू आइस पर भी एक-एक लाख रुपये जुर्माना लगाया था। इन तीनों नाइट क्लब व डिस्कोथेक को मुफ्त में शराब परोसे जाने को लेकर गलत प्रचार करने के चलते एक्साइज डिपार्टमेंट ने एक लाख रुपये जुर्माना लगाया था।
बारकोड क्लब पर चल रही कार्रवाई
एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने नवंबर में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बारकोड क्लब पर रेड की थी। यहां भी बिना लाइसेंस शराब परोसी जा रही थी। ऊपर से बारकोड क्लब ने एक्साइज इंस्पेक्टर को फर्जी लाइसेंस दिखाए। इन सभी क्लबों की रिपोर्ट तैयार कर डीसी को भेज दी गई है, जल्द ही इन पर कार्रवाई की जाएगी।