गांव बापौली निवासी एक नवविवाहिता अपने पति से कहा करती थी कि ‘आप बदसूरत हो, मैं आपके साथ नहीं रहना चाहती हूं। अगर आप छह लाख रुपये दोगे, तो ही रहूंगी साथ, वरना गर्भपात करवाकर दूसरे के साथ भाग जाऊंगी’। इस बात से आहत पति ने शताब्दी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
शव को रेलवे ट्रैक पर पड़ा देख, राहगीरों ने इसी सूचना जीआरपी को दी। जीआरपी ने शव को रेलवे ट्रैक से उठाकर सामान्य अस्पताल पहुंचाया। शव के पास पड़े मिले फोन के जरिये मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के बयान पर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव बापौली निवासी अमित (23) पुत्र कृष्ण की शादी फरवरी माह में रचना पुत्री कौशल निवासी डाबर कॉलोनी पानीपत के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दंपति के बीच विवाद रहता था। कृष्ण ने बताया कि उसकी पुत्रवधू अमित को अक्सर बदसूरत कहा करती थी। रचना अपने पति अमित से छह लाख रुपये की मांग करती थी।
इसमें अमित ने उसे 50 हजार रुपये दिए भी थे। शेष रुपये की मांग को लेकर वह अक्सर झगड़ती रहती थी। न देने पर गर्भपात कराने की धमकी देती थी। वह तीन माह की गर्भवती थी। उसके पिता कौशल, मां कमलेश और भाई सागर उसे घर से दो माह पहले ले गए थे। वहां उन्होंने रचना की मर्जी से पिछले माह गर्भपात करवा दिया।
इतना ही नहीं वीरवार को उक्त आरोपी उसके घर आए और अमित की मां पुष्पा देवी के साथ गाली-गलौच कर दहेज में दिया सभी सामान बिना बताए लेकर चले गए। इसके बाद शुक्रवार को अमित रचना को लेने उसके मायके गया। वहां मायके पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की व उसे घर से निकाल दिया। इससे आहत होकर वह सीधे पानीपत रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां उसने माल गोदाम के आगे से गुजर रही शताब्दी एक्सप्रेस के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली।
शादी के बाद से ही पल-पल मर रहा था अमित
ममेरे भाई अनिल कुमार ने बताया कि अमित बहुत संस्कारी था। उसने मेहनत करके पूरे परिवार को संभाल लिया था। कॉलोनी में उसकी इमेज बहुत अच्छे लड़के की थी। शादी के बाद से ही वह बहुत परेशान रहता था। पत्नी अकसर उसके रंग के कारण उसको परेशान करती थी। वह शादी के बाद से पल पल मर रहा था। इसलिए उसने आत्महत्या कर ली।
अब मैं घर वापस नहीं जाऊंगा, कहकर युवक ने लगाई छलांग
घटनास्थल के ठीक सामने ठेला लगाने वाले सोनू ने बताया कि घटना शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे की है। वह अपने ठेले पर ही खड़ा था। उसने देखा कि लगातार 15 मिनट से एक युवक फोन पर बात कर रहा है और इधर- उधर टहल रहा है। बातचीत के दौरान युवक तनाव में दिखाई दे रहा था। बातचीत के आखिर में उसने कहा कि, तो ठीक है, मैं अब कभी घर लौट कर नहीं जाऊंगा। इतने कहने के बाद उसने फोन काट दिया व कालका से दिल्ली की ओर जा रही शताब्दी एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन उसे 30 मीटर तक घसीट कर साथ ले गई। उसका शरीर दो हिस्सों में बिखर गया था।
फिलहाल परिजनों के बयान ले लिए गए हैं। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी। फोन की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।
-राजकुमार, थाना प्रभारी, जीआरपी