चंडीगढ़। करवाचौथ पति पत्नी के प्यार का प्रतीक त्योहार है। सुहागिनें अपने सुहाग के लिए जहां करवाचौथ का व्रत रखती है, वहीं पति अपनी प्रियतम को हर खुशी देने का प्रण लेता है। शहर में ऐसे कई कपल्स हैं जो करवाचौथ का त्योहार एक दूसरे के साथ मिलकर खुशियों से मनाते हैं। आज हम आपको कुछ ऐसे दंपतियों के बारे में बताने जा रहे हैं जो करवा चौथ का व्रत साथ रखते हैं। इस व्रत को मनाते हुए पूरे परिवार में खुशियां बांट रहे हैं।
पत्नी की देखभाल के चलते दोबारा पांव पर खड़ा हो पाया
वर्ष 1997 में मेरा एक्सीडेंट हो गया था। उस दौरान मेरी पत्नी पूनम ने मेरी देखभाल के लिए दिन-रात एक कर दिया। उनकी सेवा के चलते मैं दोबारा से अपने पांव पर खड़ा हो पाया। उस दौरान उन्होंने करवा चौथ का व्रत भी रखा था। उस दिन के बाद से मैं भी करवाचौथ का व्रत रखता आ रहा हूं। आज भी व्रत रखूंगा, क्योंकि पति पत्नी एक दूसरे के पूरक होते हैं।
-राजेश रॉय, जीएसटी कमिश्नर
साल का सबसे स्पेशल दिन है करवा चौथ
15 सालों से पत्नी विजय लक्ष्मी के साथ करवा चौथ का व्रत रखते आ रहा हूं। मेरी पत्नी पूरे साल परिवार की तरक्की के लिए भगवान से कामना करती है। ऐसे में साल में एक बार तो पत्नी के लिए करवा चौथ का दिन पतियों को मनाना चाहिए। मैं पत्नी के साथ करवाचौथ का व्रत रखता हूं। मैं इस दिन को पूरे साल का सबसे स्पेशल दिन मानता हूं।
नवीन कुमार, योगा गुरु
30 साल से पत्नी के लिए रख रहा हूं व्रत
मेरी पत्नी मंजू करवाचौथ पर मेरी लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं। ऐसे में मेरा भी फर्ज बनता है कि मैं भी पत्नी की लंबी उम्र के लिए व्रत रखूं। पिछले 30 सालों से करवाचौथ पर पत्नी के लिए व्रत रखता रहा हूं। हमारे लिए यह बेहद खास त्योहार है। हम दोनों पूरी आस्था के साथ इस व्रत का मानते हैं। प्यार के बिना यह संसार अधूरा है।
-उपराज सिंह, व्यापारी
पत्नी लक्ष्मी का रूप
पत्नी सुनीता के साथ तालमेल बिठाते हुए अपनी जिंदगी को खुशी खुशी जी रहा हूं। पिछले 33 सालों से अपनी पत्नी के साथ करवाचौथ का व्रत रखता आ रहा हूं। पत्नी लक्ष्मी का रूप होती है और वह पूरे परिवार को हर समय संभाल कर रखती है। ऐसे में पत्नी को सुख रखने के लिए वह हर संभव प्रयास करता हूं। उनकी खुशी में ही हम सबकी खुशी है।
विश्व गुप्ता, प्राइवेट कंपनी से रिटायर