चंडीगढ़। अनाज मंडियों में गेहूं के धीमा उठान से किसानों की मेहनत पर पानी फिरता दिखाई दे रहा है। मुख्य सचिव के आदेश के बावजूद कोई खास असर देखने को नहीं मिला है। अब तक राज्य की सभी मंडियों में 61 लाख मीट्रिक टन गेहूं आ चुका है। करीब 56.5 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। इनमें से सिर्फ 27.5 लाख मीट्रिक टन गेहूं का ही उठान हो सका है। इस हिसाब से 50 फीसदी से भी कम गेहूं का उठान हो सका है। वहीं, 25 लाख मीट्रिक टन गेहूं की पेमेंट किसानों के खाते में पहुंच गई है। बीते हफ्ते ही मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने राज्य के सभी संबंधित अधिकारियों से इस कार्य में तेजी से जुटने के निर्देश दिए थे। हालांकि प्रशासनिक सचिवों ने मंडियों का दौरा शुरू कर दिया है। इसके बावजूद कोई सुधार देखने को नहीं मिला। मंडियों में खुले में गेहूं पड़ा होने से किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।