चंडीगढ़। डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड में गीले कचरे का प्रसंस्करण रुक गया है। पुरानी कंपनी के जाने और नई कंपनी की नियुक्ति प्रक्रिया के कारण यह स्थिति बनी है। इस कागजी कार्रवाई से पूरी व्यवस्था ठप हो गई है। डंपिंग ग्राउंड में फिर से कचरे के बड़े ढेर लगने लगे हैं। शुक्रवार को बारिश के दौरान भी कचरे का प्रसंस्करण नहीं हो पाया। घर-घर से कचरा इकट्ठा करने वाली गाड़ियों को एमआरएफ केंद्र पर बड़े कंटेनर ट्रक नहीं मिले। ट्रकों को खाली होने में अब दो से तीन घंटे लग रहे हैं, जिससे घर-घर कचरा एकत्रीकरण की शृंखला बिगड़ गई है। इसका सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर दिख रहा है। नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा ने कहा कि संयंत्र जल्द चलेगा।