दिन में भीषण गर्मी के बाद शनिवार शाम को आंधी चली और बूंदाबांदी हुई। शनिवार को चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह मई के सामान्य तापमान से 5 डिग्री ज्यादा था। दिन ही नहीं रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म हैं। चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान भी 25.3 डिग्री रहा जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है।
सूखी गर्मी से नुकसानः
शनिवार को दिन में हवा में नमी की मात्रा काफी कम 17 से 25 फीसदी के बीच रही। हवा में 50 से 60 फीसदी की नमी ही इंसानों के लिए आदर्श स्थिति मानी जाती है। पसीन के जरिए शरीर का अपना कूलिंग सिस्टम है। तापमान बढ़ने पर शरीर को ज्यादा पसीना आता है। मगर हवा में नमी कम है तो यह पसीने को जल्दी सोख कर उड़ा देती है।
शरीर को और ज्यादा पसीना बहाना पड़ता है और मिनरल की कमी तथा डिहाइड्रेशन की स्थिति (लू लगना) हो जाती है। सूखी हवा फर्नीचर और घर की दीवारों को भी नुकसान पहुंचाती है। इनकी ऊपरी सतह से हवा जब नमी चुराती है तो ये इनकी पपड़ियां उतरनी शुरू हो जाती हैं।
दिन में गर्मी, शाम को आंधी और बूंदाबांदी
पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले दो दिन में तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। साथ ही बारिश की संभावना भी जताई गई है। लगातार चढ़ रहे पारे की वजह से मैदानों में कम वायु दबाव के क्षेत्र बन रहे हैं। इसने वेस्टर्न डिस्ट्रबेंस को एक्टिव कर दिया है।
चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 मई को 45 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो धूल भरी होंगी। इसके साथ ही बारिश की भी संभावना है।
चंडीगढ़, जालंधर में पारा 43 के पार
तपन भरी गर्मी से चंडीगढ़ के लोग बेहाल रहे। शनिवार को 43.4 डिग्री पारा दर्ज किया गया जो सीजन का सबसे अधिक रहा। जालंधर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और मोगा में 43 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा के रेवाड़ी में अधिकतम तापमान 45.5 दर्ज किया गया। दिल्ली-एनसीआर में पारा 44.5 डिग्री तक चढ़ गया। गर्मी के कहर से तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, बंगाल समेत देश के विभिन्न हिस्सों में 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
रेवाड़ी में तापमान 45.50
गर्मी से पारा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को जालंधर में 44 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि मोगा में भी 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पंजाब, हरियाणा के कई जिलों में शनिवार को तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। हरियाणा में शनिवार को रेवाड़ी सबसे गर्म रहा। यहां पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं गर्मी के कहर से भिवानी के जूई गांव में मूलरूप से राजस्थान के हासियावास गांव निवासी मदनलाल (35) की मौत हो गई। वह जूई में साझेदारी में खेती करता था। प्रारंभिक जांच में डाक्टरों ने उसे गर्मी से हार्ट अटैक आना माना है। मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार व राजस्थान में लू के जारी रहने की चेतावनी दी है।
गर्मी से छात्रा बेहोश
जलालाबाद। गर्मी से गांव दुल्लेके महित उताड़ के सरकारी स्कूल की 4वीं कक्षा की छात्रा नेहा बेहोश हो गई। शिक्षकों ने छात्रा को होश में लाकर उसके घर पहुंचाया। सर्व सांझी वालता पंजाब संस्था के अध्यक्ष बलवंत सिंह खालसा ने कहा कि राज्य सरकार को स्कूलों में छुट्टियां कर देनी चाहिए।