चंडीगढ़। एकल वर्ग में कांस्य पर निशाना लगाने के दूसरे दिन सोमवार को ओलंपियन अंजुम मोदगिल ने टीम इवेंट में एक बार फिर कांस्य पदक अपने नाम किया है। वुमन 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन के टीम इवेंट में भारत की तरफ से अंजुम मोदगिल, सिफत कौर और आशी ने हिस्सा लिया। उन्होंने ऑस्ट्रिया की टीम को 16-07 से हराकर भारत के लिए कांस्य पदक जीता। आईएसएसएफ वर्ल्डकप का आयोजन कोरिया में किया जा रहा है। इसमें पिस्टल, राइफल और शॉटगन के मुकाबले खेले जा रहे हैं।
इससे पहले रविवार को अंजुम मोदगिल ने वुमन 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन के एकल वर्ग में खेलते हुए कांस्य पदक जीता था। इस वर्ल्ड कप में भारत की ओर से शहर से अंजुम मोदगिल के साथ अर्जुन बबूता और विजयवीर सिंह सिद्धू भी खेल रहे हैं। अर्जुन बबूता भारत को दो स्वर्ण पदक दिला चुके हैं।
मेडल राउंड के चूके विजयवीर सिद्धू
सोमवार को पुरुष वर्ग में 25 मीटर का रैपिड फायर पिस्टल का रैंकिंग राउंड खेला गया। इसमें बेहतर करने वाले खिलाड़ी मेडल राउंड में जगह बनाते हैं। इस इवेंट में शहर के विजयवीर सिंह सिद्धू भी उतरे लेकिन वह मेडल राउंड के लिए क्वालीफाइंग नहीं कर पाए। 584 अंक के साथ वे छठे स्थान पर रहे।