चंडीगढ़। चंडीगढ़ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने वीरवार को एडवाइजर मनोज परिदा से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा। पदाधिकारियों ने कहा कि शहर के दुकानदार ग्राहक नहीं होने से पहले से ही परेशान हैं। उनकी बिक्री 25 फीसदी से भी कम रह गई है। ऐसे में उनके लिए दुकान का किराया, कर्मचारियों को तनख्वाह व अन्य खर्चे निकालना मुश्किल हो रहा है। शहर के लोग कोरोनावायरस के डर से दुकानों पर पहले की तरह खरीदारी के लिए नहीं आ रहे हैं। इससे दुकानदारों पर गहरा असर पड़ा है। इस बीच, चंडीगढ़ प्रशासन ने ऑड-इवन के साथ वीकेंड लॉकडाउन भी लगा दिया है, जिससे दुकानदारों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। चंडीगढ़ व्यापार मंडल ने मांग की है कि शहर के सभी दुकानों को सातों दिन खोलने की इजाजत दी जाए और सेक्टर-8, 18 और 21 की मार्केट में एक बार फिर से सर्वे किया जाना चाहिए। ऑड-ईवन सिस्टम को खत्म करना चाहिए।