मौसम विभाग ने 48 से 72 घंटे के बीच एक और तूफान आने की आशंका व्यक्त की है। इस तूफान की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा हो सकती है। तूफान का असर ट्राइसिटी के कुछ हिस्सों में हो सकता है। धूल भरी आंधी के साथ बारिश की भी संभावना जताई गई है। इससे तापमान में भी असर देखने को मिलेगा। सोमवार शाम आए तूफान ने लोगों को गर्मी से भले ही राहत दी, लेकिन वह अपने साथ तबाही भी लेकर आया।
ट्राइसिटी के अधिकांश हिस्सों में पूरी रात बिजली गुल रही। करीब 30 पेड़ों की बलि भी चढ़ी। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि सोमवार शाम को आए तूफान से रात के तापमान में काफी असर पड़ा है। रविवार रात चंडीगढ़ का तापमान 31.4 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि तूफान वाली रात का तापमान 21.8 डिग्री रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। इस दौरान करीब 11.3 एमएम बारिश भी रिकार्ड हुई।
अधिकतम तापमान में भी करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री और रात का तापमान 24 डिग्री के बीच रिकार्ड किया जा सकता है।