चंडीगढ़। घग्घर नदी की हालत सुधारने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन जल्द ही सुखना चो पर वाटर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन का निर्माण करने जा रहा है। इस स्टेशन के स्थापित होने के बाद अगर सुखना चो का पानी गंदा होगा तो इसकी जानकारी संबंधित विभाग को मिल जाएगी।
इस योजना के बारे में प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि सुखना चो में वाटर मॉनिटरिंग स्टेशन बनाने के लिए उन्होंने जगह तय कर ली है। इसके जरिए चो के पानी में गंदगी की रियल टाइम निगरानी की जा सकेगी। एनजीटी ने सुखना चो और एन-चो पर मॉनिटरिंग स्टेशन लगाने के आदेश दिए थे।
प्रशासन के अनुसार, एन-चो में मॉनिटरिंग स्टेशन लगाने का काम इसी माह पूरा कर लिया जाएगा और जल्द ही सुखना चो पर भी इसे लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। दरअसल, सुखना चो का पानी घग्गर नदी में जाकर मिलता है। यही कारण है कि घग्गर नदी को दूषित होने से रोकने के लिए नेशनल ग्रीन टिब्यूनल ने यूटी प्रशासन को एक माह का समय दिया था, जिसके तहत ही प्रशासन द्वारा यह काम करवाया जा रहा है।
मॉनिटरिंग स्टेशन लगने से अगर चो में सीवरेज का पानी जाएगा या अन्य कारणों के चलते पानी दूषित होगा तो विभाग शीघ्र जानकारी मिलने के चलते तुरंत कार्रवाई कर सकेगा। इस पूरी प्रक्रिया की ऑनलाइन मॉनिटरिंग होगी। इस मॉनिटरिंग स्टेशन के माध्यम से पानी की पीएच वैल्यू, बीओडी और सीओडी आदि पर नजर रखी जाएगी। बता दें कि अगस्त माह में एनजीटी ने दोनों चो व घग्गर के अन्य सहायक नदियों से दूषित होने से रोकने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए थे।