महेंद्रगढ़ में शुरू हुई फोन पर धमकी की सियासत रुकने का नाम नहीं ले रही है। इनेलो प्रत्याशी निर्मला तंवर को जान से मारने की धमकी देने के बाद अब इनेलो के जिला प्रधान व नांगल चौधरी से विधायक राव बहादुर सिंह को मोबाइल पर धमकी देने का मामला सामने आया है।
राव बहादुर ने सदर थाना पुलिस को लिखित में शिकायत दी है। शिकायत में राव बहादुर सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार रात को गांव पाली में प्रचार कर रहे थे। रात 11.43 बजे उनके मोबाइल पर फोन आया। खुद को जयंत वकील बताते हुए व्यक्ति ने कहा कि अटेली में भाजपा प्रत्याशी संतोष यादव की मदद करो।
जब उन्होंने ऐसा करने से मना किया तो फोन करने वाले व्यक्ति ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद 11.48 मिनट पर फिर फोन आया। राव ने कहा कि वे धमकियों से नहीं डरते, लेकिन ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
उधर, थाना प्रभारी अनिरुद्ध चौहान ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।