इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइटें बंद होने से वोल्वो बसें फुल हो गईं। वोल्वो फुल रहीं तो टैक्सी के किरायों में भारी बढ़ोतरी हो गई। दिल्ली, गुड़गांव जाने वाले लोगों को टैक्सी का दोगुना किराया देना पड़ा। रविवार को इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 30 फ्लाइटों का संचालन बंद हो गया।
रनवे बढ़ाने और आईएलएस थ्री अपग्रेड करने के कारण एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इसे बंद किया। अब फ्लाइटें 31 मार्च तक बंद रहेंगी। वहीं चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से दोपहर 12 बजे चलने वाली शताब्दी भी रविवार को बंद होती है। इस कारण यात्रियों को अधिक परेशानी का समाना करना पड़ा।
दिल्ली जाने के लिए सेक्टर 17 बस स्टैंड पहुंचे सुधीर शर्मा ने बताया कि वह दो घंटे से लाइन में लगे हैं, पर अभी तक वोल्वो का टिकट नहीं मिला। अब दिल्ली तक के लिए टैक्सी की है, जिसका किराया 4500 रुपये है, जबकि आम दिनों में यह किराया 2200 रुपये होता है।
फ्लाइट बंद होने के कारण टैक्सी चालक दिल्ली तक का किराया इतना अधिक वसूल रहे हैं। टैक्सी संचालक रमेश अहूजा ने बताया कि रविवार को टैक्सी का किराया अधिक हो जाता है। इस दिन डिमांड अधिक रहती है। बता दें कि सेक्टर-17 बस स्टैंड से रविवार को 38 वोल्वो बसों चलती हैं।