सेखा फाटक पर सोमवार को निहंगों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों गुटों ने किरपाणें निकाल एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। इसमें एक निहंग गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो गुस्साए निहंगों ने पुलिसकर्मियों पर भी धावा बोल दिया। नतीजतन पुलिस मुलाजिमों के हाथ में पकड़ा वायरलेस सेट टूट गया और वर्दी फट गई। मौके पर और पुलिस बुलानी पड़ी और कुछ निहंग हिरासत में ले लिए गए जबकि बाकी भाग निकले।
निहंगों में कहासुनी से शुरू हुई लड़ाई ने जब हिंसक रूप ले लिया तो लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। निहंग एक दूसरे पर ईंट-पत्थर भी बरसा रहे थे। हिरासत में लिए गए निहंगों से पूछताछ के लिए डीएसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस चौकी के प्रभारी मनजीत सिंह ने बताया कि गंभीर निहंग को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके बयान लेने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।