गुरदासपुर लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार स्वर्ण सिंह सलारिया की बड़ी हार पर कविता खन्ना ने मंथन करने पर जोर दिया है। उपचुनाव के दौरान सलारिया के हक में प्रचार करने में कम ही दिखीं कविता ने हार को जनता का फैसला बताया है।
सोमवार को सोशल मीडिया (फेसबुक) पर कविता खन्ना ने एक संदेश शेयर किया, जिसमें उन्होंने सलारिया की हार को जनता का फैसला बताया। कविता ने लिखा कि जनता का फैसला कभीगलत नहीं हो सकता। भाजपा के गढ़ के रूप में जानी जाने वाली गुरदासपुर सीट पर भाजपा की हार पर मंथन करना चाहिए।
सांसद विनोद खन्ना के निधन के बाद गुरदासपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव कराया गया। भाजपा के उम्मीदवार स्वर्ण सिंह सलारिया को काग्रेस के सुनील जाखड़ ने भारी अंतर से हराया है। उपचुनाव से पहले भाजपा की टिकट को लेकर स्वर्ण सलारिया के साथ-साथ दिवंगत सांसद विनोद खन्ना की पत्नी कविता खन्ना ने भी दावेदारी ठोकी थी।भाजपा हाईकमान ने स्वर्ण सलारिया को टिकट दिया। भाजपा का सलारिया पर खेला गया दांव उलटा पड़ गया है। सलारिया को कांग्रेस के हाथों करारी हार मिली है।