चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रशासन ने केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) को वित्त सचिव के पद के लिए आईएएस विजय नामदेवराव जेड़े के नाम की सिफारिश की है। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विशेष सचिव के पद के लिए हरगुनजीत कौर के नाम की सिफारिश की गई है। बता दें कि वित्त सचिव के पद पर तैनात अजॉय कुमार सिन्हा और विशेष सचिव के पद पर तैनात हरीश नैय्यर का कार्यकाल एक सितंबर को पूरा हुआ है।
विजय नामदेवराव जेड़े पंजाब कैडर के 2002 बैच के आईएएस अफसर हैं। उनका यूटी प्रशासन में वित्त सचिव बनना लगभग तय माना जा रहा है। विजय नामदेवराव फिलहाल पंजाब के वित्त विभाग में एक्सपेंडिचर सेक्रेटरी के पद पर तैनात हैं। यूटी में वित्त सचिव पद के लिए पंजाब ने तीन अधिकारियों के नाम चंडीगढ़ प्रशासन को भेजे थे। इसमें स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग में सेक्रेटरी के पद पर तैनात 2000 बैच के आईएएस कुमार राहुल, विजय नामदेवराव जेड़े और गृह विभाग के जस्टिस और जेल विभाग में सेक्रेटरी के पद पर तैनात 2004 बैच के आईएएस अफसर अरुण सेखरी का नाम शामिल था। इन नामों में से प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने केंद्र सरकार को विजय नामदेवराव जेड़े के नाम की सिफारिश की है। वहीं, विशेष सचिव पद के लिए पंजाब में कारपोरेशन सेक्रेटरी व पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर हरगुनजीत कौर के नाम की सिफारिश की गई है। हरगुनजीत कौर इससे पहले पंजाब के पर्सोनल विभाग में एडिशनल सेक्रेटरी के पद पर तैनात थीं।