चंडीगढ़। मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में वीरवार को खेले गए पहले क्वालीफायर मुकाबले में राॅयल चैलेंजर्स बंगलूरू ने पंजाब किंग्स को चारों खाने चित्त कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। आईपीएल के मौजूदा सीजन में जिस तरह से पंजाब किंग्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए क्वालीफायर मुकाबले तक जगह बनाई थी, उसे देखते हुए क्रिकेट प्रशंसकों के बीच टीम के लिए काफी उत्साह और जोश था। पंजाब की टीम के पास 11 वर्षों बाद मैच को जीत कर फाइनल में पहुंचने का मौका था, लेकिन बंगलूरू के गेंदबाजों के टीम आगे ताश के पत्ते की तरह बिखरते हुए मौजूदा सीजन में घरेलू मैदान पर सबसे कम स्कोर 101 के स्कोर पर सिमट गई। पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों के प्रदर्शन से स्टेडियम में काफी देर के लिए सन्नाटा पसर गया। वहीं, राॅयल चैलेंजर्स ने दो विकेट के नुकसान पर 14.1 ओवर में मैच आठ विकेट से जीत लिया। जैसे ही मैदान पर विराट कोहली पहुंचे तो क्रिकेट प्रशंसक उनसे लंबी पारी की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन काइल जैमीसन के गेंद पर 12 रनों के निजी स्कोर पर आउट कर पवेलियन लौट गए। रॉयल चैलेंजर्स की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मैच को 8 विकेट से जीत लिया। फैंस के लिए खुशी की बात यह है कि अभी पंजाब के पास एक और मौका है।
गर्मी और उमस के बीच भी हाउस फुल
वीरवार को काफी गर्मी वाला दिन रहा। करीब 40 डिग्री के आसपास तापमान रहा। चिलचिलाती धूप और उमस भी क्रिकेट प्रशंसकों का उत्साह कम नहीं कर पाई और स्टेडियम फुल हो गया। मुकाबला शाम 7.30 बजे से शुरू होना था, आईपीएल के क्वालीफायर मैच को लेकर प्रशंसक दोपहर 3 बजे से मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम पर पहुंचने लग गए थे।
प्रीति का चेहरा उतरा तो अनुष्का मुस्कुराईं
हेजलवुड की गेंद पर दो रन के निजी स्कोर पर कप्तान श्रेयस अय्यर के आउट होने पर पंजाब किंग्स की सह मालिक प्रीति जिंटा का चेहरा उतर गया। स्टेडियम पर लगी बड़ी स्क्रीन पर यह साफ दिखाई दिया। वहीं, जब पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों में तू चल में आया की स्थिति चल रही थी तो विराट कोहली के जोश भरे एक्शन को देखकर स्टेडियम में मौजूद उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा के चेहरे पर शरारती मुस्कान साफ दिखाई दे रही थी।
भारतीय सेना का बढ़ाया मान
ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने जिस तरह से अपना जलवा दिखाया, सैनिकों की हौसलाअफ्जाई के लिए पंजाब से आए प्रशंसक बड़े से तिरंगे पर सेल्यूट टू इंडियन आर्मी लिख कर आए थे। लेकिन इन प्रशंसकों को बैनर के साथ स्टेडियम के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया।