पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शनों के लिए डेरा बाबा नानक में सोमवार को उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कॉरिडोर के नींव का पत्थर रखेंगे। सोमवार को आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियां जोरशोर से की जा रही हैं।
डेरा बाबा नानक के काहलांवाली चौक के पास गांव मान में एक बड़ा पंडाल लगाया जा रहा है। पुलिस की ओर से कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। समारोह में उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू के साथ पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर, सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल, पंजाब के कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा व विजय इंदर सिंगला, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़, एसजीपीसी के प्रधान गोबिंद सिंह लौंगोवाल समेत अन्य कई शख्सियतें शिरकत करेंगी।
रविवार शाम को सुखजिंदर सिंह रंधावा ने तैयारियों का जायजा लिया। रविवार देर शाम को समारोह में लगने वाले पंडालों के बारे में डीसी गुरदासपुर विपुल उज्ज्वल ने साफ कर दिया कि समारोह के लिए केवल एक ही पंडाल वह भी गांव मान में ही लगेगा। सारा प्रोग्राम वहीं होगा।