चंडीगढ़। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने पीजीआई में कोरोना के सामान्य व आईसीयू के बेड बढ़ाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण को लिखे पत्र में यूटी प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने कहा कि चंडीगढ़ में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। चंडीगढ़ में चार हजार से ज्यादा सक्रिय मरीज हैं और प्रतिदिन 600 से ज्यादा पॉजिटिव आ रहे हैं। चंडीगढ़ के सेक्टर-16 व सेक्टर 32 हास्पिटल पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं लेकिन जिस तरह से मरीज बढ़ रहे हैं, उस हिसाब से बेड व आईसीयू की जरूरत पड़ सकती है।
परिदा ने सचिव से पीजीआई को कोविड मरीजों के लिए 500 बेड और आईसीयू के 100 बेड बढ़ाने का अनुरोध किया है। पीजीआई के पास करीब दो हजार बेड हैं। पीजीआई के मुताबिक उसके पास कोरोना के कुल 283 बेड, 230 गैर आईसीयू आक्सीजन बेड व 53 आईसीयू बेड (वेंटिलेटर सहित) हैं।