मोहाली। एंटी नारकोटिक्स टीम ने हेरोइन बेचने वाले गिरोह के तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। इनसे पुलिस ने दो लाख 26 हजार रुपये ड्रग मनी, .32 बोर पिस्टल, चार कारतूस, एक कार और 50 ग्राम हेरोइन बरामद की है। वे होशियारपुर से आकर हेरोइन बेचते थे। आरोपियों की पहचान शशिपाल उर्फ शशि, रमन भनोट और मनदीप सिंह उर्फ दीप तीनों निवासी होशियारपुर के रूप में हुई है। फेज-1 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर अदालत में पेश किया। यहां से इनका एक दिन का रिमांड मिल गया। एसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि गश्त व चेकिंग के लिए पुलिस स्पाइस चौक बलौंगी के नजदीक मौजूद थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि उक्त आरोपी अक्सर गढ़शंकर इलाके में अपने साथियों के साथ ठहरता है। वह हमेशा की तरह श्मशानघाट, फेज-1 से स्पाइस चौक की तरफ अपने ग्राहक को नशे की सप्लाई देने जा रहा है और उसके पास अवैध हथियार भी हैं। अगर अभी नाका लगाया जाए तो उक्त आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकता है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
आरोपी से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके दो अन्य साथी भी इस धंधे में शामिल हैं। उसकी निशानदेही पर उसके एक साथी मनदीप को नवांशहर से और दूसरे साथी रमन को उसके गांव सलेमपुर से गिरफ्तार किया। इसके बाद तीनों को अदालत में पेश किया तो अदालत ने इनका एक दिन का पुलिस रिमांड दे दिया।
नशा बेचकर जल्द अमीर बनना चाहते थे आरोपी
पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि तीनों आरोपियों की उम्र 30 से 35 साल के बीच है। इनमें से रमन शादीशुदा है और बाकी दोनों की शादी नहीं हुई है। तीनों ने बारहवीं तक की पढ़ाई की हुई है। उन्हें नशा बेचकर पैसा आसान लगा। इसके बाद वे मोहाली में नशा बेचने लगे क्योंकि उनका कहना था कि यहां पर नशा पीने वालों की कमी नहीं है और नशा बेचकर वह जल्द अमीर बन सकते हैं।