चंडीगढ़। अपराध शाखा ने अमृतसर के सरहदी इलाकों से नशा खरीद कर ट्राइसिटी में सप्लाई करने वाले बुड़ैल के एक व्यक्ति समेत दो आरोपियों को दबोचा है। पकड़ा गया अमनदीप (32) बुड़ैल सेक्टर-45 में रहता है जबकि अर्जुन (42) मोहाली के गांव झामपुर का निवासी है। अमनदीप के कब्जे से पुलिस ने 14.09 ग्राम और अर्जुन के कब्जे से 27.49 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पता चला है कि अमनदीप पिछले 13 वर्ष से टैक्सी चला रहा था और अमृतसर में सरहदी इलाकों में उसके नशा बेचने वालों और नशेड़ियों से संपर्क था। वह उनसे नशा खरीद कर आगे ग्राहकों को महंगे दाम में बेचता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया। अर्जुन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और अमनदीप का पुलिस रिमांड लिया गया है। अपराध शाखा की टीम मलोया थाना क्षेत्र में बीते 28 सितंबर को गश्त कर रही थी। जीरी मंडी के पास गाड़ियों की चेकिंग के दौरान पुलिस नाका देख एक कार चालक ने कार को वापस घुमाना चाहा। पुलिस टीम ने कार सवार को रोक कर पूछताछ की। इनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। मलोया थाने में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस जांच में सामने आया है कि अर्जुन का आपराधिक रिकार्ड है और वह पहले 11 आपराधिक मामलों में पकड़ा जा चुका है। इनमें चोरी, सेंधमारी और एनडीपीएस के मामले हैं। यह मामले सेक्टर 11, सेक्टर 19 और सेक्टर 34 थाने में दर्ज हो रखे हैं।