हरियाणा सरकार ने नूंह, गुरुग्राम व फरीदाबाद में अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश दिए
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश सरकार ने नूंह, गुरुग्राम व फरीदाबाद के अरावली के प्रभावित क्षेत्रों में अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव संजीव कौशल ने शुक्रवार को तीनों जिलों के उपायुक्तों, खनन व पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का उपयोग करके निगरानी तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने उपायुक्तों को कहा कि वे अपने यहां अवैध खनन गतिविधियों की सतत निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करें। वन विभाग के साथ तालमेल कर भविष्य में ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण का प्रयास करें। उन्होंने उपायुक्तों को संबंधित विभागों के साथ नियमित बैठकें करने और स्टोन क्रशर स्थलों का व्यवस्थित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों को सभी जिलों, विशेष तौर पर अरावली क्षेत्रों में ई-रवाना प्रणाली को मजबूत करने पर विशेष बल दिया।
नूंह में 127 वाहन जब्त, 68 पर एफआईआर
नूंह के उपायुक्त धीरेंद्र ने बताया कि जनवरी 2023 से अब तक 127 वाहनों को जब्त कर 68 व्यक्तियों पर मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा, 13 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि अरावली क्षेत्रों में 1 लाख पौधारोपण किया गया है। इसके अलावा, पंचायत क्षेत्रों के अंतर्गत 2.50 लाख वृक्षारोपण किया गया है। गुरुग्राम के उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि जिला प्रशासन ने अवैध खनन को रोकने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है और हाल के दिनों में ऐसा कोई भी मामला सामने नहीं आया हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 2,500 पौधे लगाए गए हैं। फरीदाबाद के उपायुक्त विक्रम ने बताया कि जिले में अगस्त से नवंबर, 2023 तक 9 एफआईआर दर्ज करके 36 वाहन भी जब्त किए गए है।