चंडीगढ़। शहर के सेक्टर-38 की रहने वाली उर्वशी ने एशिया पिकल बॉल ओपन 2022 में गोल्ड मेडल जीता है। चैंपियनशिप 13 से 17 अप्रैल तक थाईलैंड में आयोजित की गई थी। उर्वशी ने जापान, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर के खिलाड़ियों को पछाड़कर अपना फाइनल का सफर पूरा किया। 28 वर्षीय उर्वशी ने फाइनल मुकाबले में सिंगापुर की अंमदा तीओ को हराया। उर्वशी ने सेक्टर-38 स्थित विवेक हाईस्कूल से अपनी पढ़ाई पूरी की है। इस समय वह गुरुग्राम में नौकरी करती हैं।
ऐसे खेला जाता है पिकल बॉल
पिकल बॉल का खेल बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस का मिक्स खेल है। इसका बल्ला लॉन टेनिस के रैकेट से छोटा और टेबल टेनिस के बैट की तरह होता है। इसे बैडमिंटन कोर्ट पर खेला जाता है। इसमें नेट ऊपर के बजाय लॉन टेनिस के नेट की तरह होता है।