चंडीगढ़। शहर के 80 केंद्रों पर रविवार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) प्रीलिम्स परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें चंडीगढ़ के अलावा, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल से भी कई अभ्यर्थी पहुंचे थे। परीक्षा में उपस्थिति 40 फीसदी के करीब रही। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर में करंट अफेयर्स के प्रश्न अधिक आए थे, कई को सीसैट हल करने में काफी उलझन हुई।परीक्षा में पंजीकृत 34231 अभ्यर्थियों में से 17800 ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा दो शिफ्टों में हुई। पहला जनरल स्टडीज 1 (जीएस 1) पेपर सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े 11 और दूसरा सिविल सर्विसेज एप्टीट्यूड टेस्ट (सीसैट) पेपर ढाई बजे से साढ़े चार बजे तक चला। पेपर से पहले गेट पर पुलिस की ओर से अभ्यर्थियों की चेकिंग की गई और कक्षा में प्रवेश लेने से पहले उनके आधार कार्ड के साथ प्रवेश पत्र मैच करने के बाद ही एंट्री दी गई। केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी रही, जहां अभ्यर्थियों के जूते, जुराबें तक खोल कर देखे गए। कुछ केंद्रों पर इतनी कड़े मापदंड नहीं अपनाए गए। सेक्टर-32 के जीजीडीएसडी कॉलेज में महिला अभ्यर्थियों की घड़ी आदि को भी देखा गया। सेक्टर-8 के जीएमएसएसएस में जूते खुलवा कर देखे गए और सिर की पिन तक अंदर नहीं ले जाने दी गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर 10-20 मिनट तक हल्का ट्रैफिक जाम देखने को मिला।
धूप में तपते रहे अभ्यर्थी और परिजन
परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजनों को हर बार परीक्षा के समय तपती धूप में इंतजार करना पड़ता है। उनके लिए न तो पानी की व्यवस्था की गई थी और न ही शौचालय की। पेपर दो शिफ्ट में होने से अभ्यर्थियों को भी तीन घंटा बाहर गर्मी में इंतजार करना पड़ा।
करेंट अफेयर्स और अंतरराष्ट्रीय सवाल पूछे गए
यूपीएससी परीक्षा के लिए हर बार पेपरों में नई रणनीति अपनाता है। अभ्यर्थियों ने बताया कि इस बार वर्तमान की घटनाओं और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से अधिक सवाल पूछे गए थे। इतिहास और राजनीति विज्ञान से अधिक प्रश्न नहीं आए थे। स्टेटमेंट के प्रश्नों को हल करने में उलझन हुई।
देश से बाहर से पूछे कई प्रश्न
फरीदकोट से अपना दूसरे अटेंप्ट का पेपर देने आए जॉनी ने बताया कि पेपर में देश के अलावा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के कई प्रश्न आए थे, जिसमें जी20, यूक्रेन, महाद्वीप के भूगोल आदि से प्रश्न पूछे गए थे।
करंट अफेयर्स के प्रश्न आए अधिक
भूगोल में एमएससी कर रही पटियाला निवासी हर्षिता ने बताया कि पेपर में करंट अफेयर्स के काफी सवाल पूछे गए थे। पर्यावरण संबंधी प्रश्न भी आए थे। अक्सर इतिहास से काफी प्रश्न पूछे जाते हैं पर पेपर में इस विषय के कम प्रश्न आए थे।
सीसैट ने उलझाया
चंडीगढ़ के सेक्टर 27 की रहने वाली काजल ने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले उन्हें पेपर कठिन लगा। पहला पेपर अच्छा हो गया था पर सीसैट के पेपर में रीजनिंग के प्रश्नों को करने में उलझन हुई।
स्टेटमेंट के प्रश्न रहे कठिन
हिसार के रहने वाले धीरज कुमार ने बताया कि पेपर में एलिमिनेशन के बजाय स्टेटमेंट के प्रश्न पूछे गए थे। एलिमिनेशन मैथड के जरिए उत्तर चुनने में आसानी होती है पर स्टेटमेंट वाले प्रश्नों को करने में अधिक उलझन हुई।