चंडीगढ़। सड़कों को खोदकर 5जी केबल, गैस व अन्य पाइप लाइन डालने के मामले पर वीरवार को सदन की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। पार्षदों ने एकजुट होकर अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि कंपनियों को अनुमति देते समय और काम के बाद खोदी हुई जगह की मरम्मत का काम देखने की जिम्मेदारी किसकी है।
पार्षदों ने कहा कि अफसर अनुमति दे देते हैं और कंपनी काम करने के बाद बिना सड़क की मरम्मत किए ही चली जाती है। लोग हमें आकर कहते हैं। शहर में हर तीसरे दिन सड़कें खोदी जा रहीं हैं। इस पर आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने एसई बीएंडआर से कहा कि त्योहारों में काम करवाने की क्या जरूरत है। इसे तत्काल बंद करवाएं।
आप की पार्षद प्रेमलता ने कहा कि अभी मैंने सड़कें बनवाई थीं। त्योहार सामने है और सड़कें खोद दी गईं हैं। फिर किस काम की रहीं सड़कें। आयुक्त आनिंदिता मित्रा और मेयर सरबजीत कौर ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस संबंध में गाइडलाइन तय की है और वह इस पॉलिसी को नहीं रोक सकते। रोड विंग के एसई ने कहा कि पिछले साल इस तरह की अनुमति से 20 करोड़ रुपये का राजस्व आया था। कांग्रेस पार्षद गुरबक्श रावत ने कहा कि हम पॉलिस नहीं मानते हैं। खुदाई कहां पर होनी है, इसकी मंजूरी सदन से ली जानी चाहिए। भाजपा पार्षद हरप्रीत कौर बबला ने भी इस बात का समर्थन करते हुए कहा कि जगह-जगह सड़कों पर गड्ढ़े हो गए हैं। पार्षद प्रेमलता ने चेतावनी दी कि वह अपने वार्ड में खुदाई नहीं करने देंगी चाहे कोई भी अधिकारी आ जाए। चार जगह की मंजूरी मिलती है, कंपनी 400 जगह खुदाई करके चली जाती है।
बॉक्स
निमंत्रण कार्ड पर पार्षद का नाम न होने के मामले में जताया विरोध
विकास कार्यों के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए प्रकाशित होने वाले कार्डों पर क्षेत्रीय पार्षद का नाम न होने पर आप और कांग्रेस के पार्षदों ने नाराजगी जताई। आप पार्षद योगेश ढींगरा ने कहा कि डड्डूमाजरा में डंपिंग ग्राउंड के कचरे को निस्तारित करने के काम का जो कार्यक्रम हुआ उसके आमंत्रण कार्ड पर पार्षद का नाम नहीं था जबकि भाजपा के किसी पार्षद के वार्ड में कोई कार्यक्रम होता है तो कार्ड पर पार्षद का नाम होता है। वीरवार को सेक्टर-38 के महिला भवन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए प्रिंट हुए कार्ड पर भी यही हाल है। इस पर मेयर ने कहा कि कार्ड और नाम की राजनीति नहीं होनी चाहिए। भविष्य में जिस वार्ड में कार्यक्रम होगा, उस वार्ड के पार्षद का नाम सबसे ऊपर लिखा जाएगा, मेयर का नाम कार्ड में प्रिंट नहीं होगा।
बॉक्स
आप पार्षद ने आयुक्त पर लगाया बहाना बनाने का आरोप
वार्ड नंबर-15 के आप पार्षद रामचंद्र यादव ने कहा कि उनके यहां महिला वेंडरों के लिए शौचालय की सुविधा नहीं है। वार्ड फंड से भी वहां शौचालय नहीं बन पा रहा। आयुक्त ने कहा कि टीवीसी ने सभी वेंडिंग जोन में मूलभूत सुविधा देने का फैसला लिया है। अगले तीन माह में हम प्रस्ताव प्रशासन को भेज देंगे। उसके बाद चीफ आर्किटेक्ट के निर्देश पर काम शुरू होगा। इस पर पार्षद ने कहा छह माह से घूम रहा हूं, पता नहीं काम किसका है। इस तरह के बहानेबाजी वाले जवाब नहीं चलेंगे। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताई।
बॉक्स
बिना अनुमति चालान क्यों रोके, कल से शुरू करें
धनास के पार्षद कुलजीत सिंह ने सदन में अपने सवालों का जवाब न मिलने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके वार्ड में सफाई कर्मचारियों की कमी है। जो हैं उनके पास झाडू तक नहीं। कूड़ा तक नहीं उठ रहा। इस पर आयुक्त ने कहा कि 300 रेहड़ियों का ऑर्डर हो गया है। अगले माह तक 100 रहेड़ियां आ जाएंगी। सफाई व्यवस्था मजबूत हो जाएगी। इस दौरान एमओएच ने पार्षद को कहा कि आयुक्त के निरीक्षण के बाद जो मिल्क कॉलोनी में सड़क और पार्क में पशु बांधे जाते हैं, उन ग्वालों के चालान किए जा रहे हैं। इसे रोकने के लिए पार्षद ने ही फोन करके मना किया था। इस पर आयुक्त ने एमओएच को डांटते हुए कहा कि बिना मेरी अनुमति के चालान कैसे रोक दिए, कल से चालान शुरू करें।
बॉक्स
वार्ड में बेहतर काम करके दिखाएं, 50 लाख का इनाम पाएं
स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत अब हर वार्ड में प्रत्येक माह प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें हर वार्ड में सफाई, स्कूल, डिस्पेंसरी, पार्क की व्यवस्था, कचरा प्रबंधन को शामिल किया जाएगा। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 को देखते हुए शुरू की गई इस प्रतियोगिता के लिए एक निर्णयक मंडल भी बनेगा। इसमें पार्षद भी होंगे लेकिन वह अपने वार्ड के निर्णायक मंडल में नहीं होंगे। कोई वार्ड लगातार तीन माह तक नंबर एक आया तो उसके विकास के कार्यों पर 50 लाख रुपये अतिरिक्त फंड दिया जाएगा। इस संबंध में जल्द ही एसओपी जारी कर दी जाएगी।