चंडीगढ़। शहर के सेक्टर-20/21 की लाइट पॉइंट पर बीती 25 फरवरी को बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक राहगीर का मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। राहगीर द्वारा अब इस बारे में पुलिस को शिकायत दी गई। इसके आधार पर सेक्टर-19 थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ छीना-झपटी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में शिवभान सिंह निवासी बुड़ैल ने बताया कि वह 25 फरवरी को नौकरी से काम खत्म करके वापस बुड़ैल अपने घर जा रहा था। रात में करीब साढ़े 8 बजे जब वह सेक्टर-20/21 की लाइट पॉइंट के पास पहुंचा तो अचानक पीछे की तरफ से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश आए और उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर सेक्टर-20 की ओर फरार हो गए। इनमें से बाइक चलाने वाले ने हेल्मेट पहना हुआ था जबकि मोबाइल छीनने वाले पीछे बैठे युवक ने हेल्मेट भी नहीं लगा रहा था। उसने इस बारे में डर के कारण पहले तो पुलिस को शिकायत नहीं दी। उसने इस बारे में अब थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दी जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया है।