पंचकूला। राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के पंचकूला स्थित आवास पर केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आगमन हुआ। इस दौरान शिष्टाचार भेंट के साथ राज्य के सर्वांगीण विकास और जनहित से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और शिक्षा क्षेत्र में सुधार सहित विभिन्न जनकल्याणकारी विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। रेखा शर्मा ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए प्रदेशहित के मुद्दों पर केंद्र से सहयोग की अपेक्षा जताई। वहीं जगत प्रकाश नड्डा ने राज्य के समग्र विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।