चंडीगढ़। कर्मचारी संगठनों में प्रभावी नेतृत्व तैयार करने के उद्देश्य से को-ऑर्डिनेशन कमेटी ने शनिवार को सेक्टर-32 स्थित वाटर वर्क्स में नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया। इसमें विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के 102 प्रतिनिधियों ने भाग लेकर नेतृत्व क्षमता, संगठन संचालन, ट्रेड यूनियन कानून और नई श्रम संहिताओं की जानकारी प्राप्त की।
शिविर में ज्वाइंट टीचर एसोसिएशन के प्रधान रणवीर कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता, पारदर्शिता, जवाबदेही और लोकतांत्रिक कार्यशैली होती है। उन्होंने ईमानदार एवं दूरदर्शी नेतृत्व की आवश्यकता पर जोर दिया।
को-ऑर्डिनेशन कमेटी के महासचिव राकेश कुमार ने बताया कि कमेटी से 25 से अधिक कर्मचारी यूनियनें जुड़ी हैं। प्रशिक्षण में अधिकारियों के समक्ष कर्मचारियों की समस्याएं प्रभावी ढंग से रखने, मांगपत्र तैयार करने, प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने और सकारात्मक संवाद स्थापित करने के व्यावहारिक पहलुओं पर भी प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक यूनियन से तीन प्रतिनिधियों की टीम बनाकर उन्हें वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में वार्ता का अवसर दिया जाएगा। उनके प्रदर्शन के आधार पर भविष्य में संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। प्रतिभागियों ने इस पहल को कर्मचारी संगठनों में नए और सक्षम नेतृत्व के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।