केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को अमृतसर में उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। उत्तर क्षेत्रीय परिषद में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, केंद्रशासित प्रदेश दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़ और लद्दाख शामिल हैं।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, परिषद की 31वीं बैठक में भाखड़ा-ब्यास प्रबंधन बोर्ड, पंजाब यूनिवर्सिटी से संबद्धता, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सड़कों के निर्माण, पुनर्गठित राज्यों के बीच जल बंटवारा, बुनियादी ढांचे के विकास सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसमें कहा गया कि भूमि अधिग्रहण, पर्यावरण और वन मंजूरी, ‘उड़ान’ योजना के तहत क्षेत्रीय संपर्क सहित क्षेत्रीय परिषद के आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
उत्तर क्षेत्रीय परिषद के सदस्य राज्यों के मुख्यमंत्री अपने दो वरिष्ठ मंत्रियों के साथ और केंद्रशासित प्रदेशों के शासक बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक का हिस्सा होंगे।