मनीमाजरा। वार्ड नंबर 24 मौलीजागरां में पड़ते विकास नगर के सामुदायिक केंद्र में चंडीगढ़ खाद्य विभाग राशन बांट रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि राशन बांट रहे अफसर भाजपा नेताओं के दबाव में चेहतों को पर्ची व राशन दे रहे हैं। वहीं बाकी लोग सुबह से शाम तक वहां खड़े रहते हैं पर उन्हें कोई नहीं पूछ रहा है।
इसके विरोध में मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश महासचिव शशि शंकर तिवारी के साथ 500 से भी ज्यादा महिला एवं पुरुषों ने विभाग व सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ते देख मौली जागरां के एसएचओ जूलेदान सिंह ने कांग्रेस प्रदेश महामंत्री शशि शंकर तिवारी को बोलकर लोगों को शांत करवाया। वहीं विभाग के इंस्पेक्टर नवनीत सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि कल से सुचारू रूप से काम होगा।
इस मौके पर तिवारी ने कहा कि सरकारी राशन पर भाजपा नेता ओछी राजनीति कर रहे हैं जो कतई बर्दाश्त नहीं होगा। लोगों के हित के लिए और संघर्ष भी करना पड़े तो भी कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। इस मौके पर कॉलोनी निवासी संतोष कुमार खली, उमा शंकर यादव, बबलू यादव, अंकित ओझा, मनीष कुमार, रमेश शर्मा, राजेश, दीपक, रजनी देवी, सुभद्रा, अनीता, गीता, कलावती, रानी, जाहिदा बेगम इत्यादि ने कहा कि हम 4-5 दिन से रोज अपना काम छोड़ कर आ रहे हैं पर सुबह से शाम तक खड़े रहने के बावजूद राशन नहीं मिल रहा है।