मिल्टन कीन्स सिटी काउंसिल के अधिकारी सलाहकार धर्मपाल के साथ बैठक करते।
चंडीगढ़। मिल्टन कीन्स सिटी काउंसिल का एक प्रतिनिधिमंडल काउंसलर पीटर मारलैंड के नेतृत्व में यूके पार्टनरिंग फॉर एक्सेलरेटेड क्लाइमेट ट्रांजिशन (यूके पीएसीटी) प्रोजेक्ट के हिस्से के रूप में सोमवार को चंडीगढ़ पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में योजना और प्लेसमेकिंग के निदेशक पॉल थॉमस, ट्रांसपोर्ट इनोवेशन के प्रमुख ब्रायन मैथ्यूज और मिल्टन कीन्स सिटी काउंसिल की राजनीतिक सलाहकार सामंथा कारमाइकल शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल का चंडीगढ़ सचिवालय में प्रशासक के सलाहकार डॉ. धर्मपाल और अधिकारियों ने स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल की यात्रा का उद्देश्य दोनों शहरों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देना है, जो सक्रिय रूप से टिकाऊ और कम कार्बन गतिशीलता समाधानों को बढ़ावा देने में लगे हुए हैं। यूके सरकार के विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय की ओर से समर्थित यह पहल जलवायु चुनौतियों से निपटने की दिशा में मिल्टन कीन्स सिटी काउंसिल और चंडीगढ़ प्रशासन के बीच घनिष्ठ साझेदारी का हिस्सा है।
यात्रा के दौरान चंडीगढ़ सचिवालय में एक ज्ञान विनिमय सत्र आयोजित किया गया, जहां ब्रायन मैथ्यूज ने कम कार्बन गतिशीलता को बढ़ावा देने के लिए मिल्टन कीन्स सिटी काउंसिल की ओर से किए गए सराहनीय प्रयासों को प्रस्तुत किया। इसके बाद परिवहन निदेशक प्रद्युम्न सिंह ने चंडीगढ़ शहर की ओर से अपनाई गई टिकाऊ गतिशीलता पर प्रस्तुति दी। सत्र सार्थक चर्चा और प्रश्न-उत्तर सत्र के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ में प्रमुख स्थानों सेक्टर 17 में एकीकृत कमांड और नियंत्रण केंद्र और एक सार्वजनिक बाइक शेयरिंग डॉकिंग स्टेशन का दौरा किया और शहर के नए बुनियादी ढांचे का अनुभव लिया। इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने शहर के मेयर अनूप गुप्ता के साथ ही भी एक सत्र में भाग लिया, जिसमें नगर निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सत्र 27 जून को भी जारी रहेगा। 28 जून को समापन बैठक होगी।