चंडीगढ़। एक सप्ताह पहले मोबाइल झपटकर भागे दो आरोपियों को पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि वह नशे की लत को पूरा करने के लिए झपटमारी करते थे। आरोपी डेराबस्सी निवासी अभिषेक (21) और योगेश्वर (26) को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर पुलिस ने दो दिन का रिमांड हासिल किया है। सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने चंडीगढ़ में पांच और मोहाली व पंचकूला में करीब दस से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है।
3 जनवरी को सेक्टर-31 थाना पुलिस को बलटाना निवासी असीम खान ने शिकायत दी थी कि वह सेक्टर-20 स्थित एक रेडीमेड कपड़े की दुकान पर काम करता है। शाम को ड्यूटी खत्म करके साइकिल से घर लौट रहा था। ट्रिब्यून चौक के पास पहुुंचा तो बाइक सवार दो युवकों ने मोबाइल छीन लिया।
सेक्टर-31 थाना पुलिस ने शनिवार को उक्त दोनों आरोपियों को गुप्त सूचना पर सेक्टर-31 लाइटों के पास से दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों दोस्त हैं और ऑटो चलाते हैं। वह नशे के आदी हैं और लत को पूरा करने के लिए झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया करते थे। बरामद हुई बाइक भी चोरी की है। पुलिस आरोपियों से पता लगाएगी कि उन्होंने कितनी वारदातें की हैं।