चंडीगढ़। सेक्टर-20 स्थित जामा मस्जिद के नजदीक बुधवार को देर शाम पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हुड़दंग मचाते दो युवकों को काबू किया है। हालांकि इन दोनों युवकों ने पुलिस को उनके पास आते देख शराब की बोतल और कांच का गिलास सड़क पर गिराकर तोड़ दिए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर इनके खिलाफ सेक्टर-19 थाने में एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज किया। दरअसल गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक शराब के नशे में धुत होकर हुड़दंगबाजी कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को दबोच लिया, लेकिन उन्होंने पुलिस को देखकर बोतल और गिलास तोड़ दिए थे। दोनों युवकों की पहचान सौरव निवासी सेक्टर-56 और कुलजीत सिंह निवासी सेक्टर 20-बी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों युवकों का जीएमसीएच सेक्टर-16 में मेडिकल करवाने के बाद इनके खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि बाद में दोनों आरोपियों को जमानत मिल गई। संवाद