चंडीगढ़। सेक्टर-42 के सामुदायिक केंद्र में शादी समारोह के बीच दो युवक दुल्हा-दुल्हन के लाखों रुपये के गहने ले उड़े। गहनों से भरा बैग स्टेज के पास सोफे पर बैठे दुल्हे के भाई के पास था। माैका देखकर युवकों ने सबकी आंखों में धूल झोंककर बैग चुरा लिया और भाग निकले। शिकायत पर सेक्टर-36 थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में मौलीजागरां कांप्लेक्स निवासी कृष्ण राज ने बताया कि बीते 15 सितंबर को उनके छोटे भाई कार्तिक राज की शादी थी। लड़की वालों ने शादी का कार्यक्रम सेक्टर-42 के सामुदायिक केंद्र में रखा था। शादी के दौरान उसके भाई व अन्य परिजनों को लड़की वालों की ओर से तोहफे के रूप में गहने व नगद राशि दी गई थी, जिसे उन्होंने एक बैग में रखा हुआ था। कृष्ण राज ने बताया कि स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन बैठे हुए थे और वह स्टेज के साइड में लगे सोफे पर बैग लेकर बैठे थे। इस बीच दो अनजान लड़के घूम रहे थे। उसने अपना ज्वैलरी वाला बैग सोफे पर ही एक साइड में रखा हुआ था। इसी दौरान वह दोनों युवक सोफे पर रखा गया बैग चोरी कर ले गए। ज्वैलरी व नगदी से भरा बैग गायब होने के बाद शादी में हड़कंप मच गया और वहां घूम रहे दोनों अज्ञात युवकों की तलाश शुरू कर दी गई लेकिन व वहां नहीं मिले। इसके बाद सूचना पाते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शादी संपन्न होने के बाद पुलिस को लिखित शिकायत दी गई जिसके आधार पर सेक्टर-36 थाने में अज्ञात के खिलाफ 305, 3(5),बीएनएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस की जांच टीम ने मंगलवार देर शाम को कम्युनिटी सेंटर में पहुंचकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जिसमें दोनों अज्ञात युवक भी कैद है।