दो साल की कोरोना संक्रमित बच्ची को उपहार देते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : Amar Ujala
चंडीगढ़। जीएमएसएच-16 में भर्ती कोरोना संक्रमित दो साल की बच्ची की मंगलवार को कन्या पूजा कर अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने माता महागौरी से कोरोना महामारी से बचाव की प्रार्थना की। अस्पताल के सर्जिकल मेल वार्ड में भर्ती दो साल की बच्ची को वार्ड की नर्सिंग ऑफिसर शोभना पठानिया ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पाजेब, लहंगा- चुनरी, गुड़िया और चॉकलेट का उपहार दिया। शोभना ने यह उपहार बच्ची की मां को देकर कन्या से आशीर्वाद लिया। शोभना ने बताया कि संक्रमण से बचाव के मानक का पालन करते हुए अस्पताल के डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों ने कन्या से दूर से ही आशीर्वाद लिया। उन्होंने बताया कि कोविड के मरीजों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इससे पूर्व भी अस्पताल में भर्ती कोरोना के मरीजों के साथ त्योहार मनाए गए हैं। इसमें अस्पताल प्रशासन भी उनका पूरा सहयोग करता है। शोभना के साथ ही परमिंदर कौर सिद्धू, रजनीश, अनीशा, डॉक्टर सुखविंदर ,रतन और सुरेंद्र उपस्थित थे।