चंडीगढ़। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में सोमवार को सुबह झपटमारों ने महज 15 मिनट में दो अलग-अलग जगह महिलाओं से सोने की चेन झपटी और भाग गए। बाइक सवार झपटमार सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। लगातार झपटमारी की वारदात से लोगों में खौफ है। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। झपटमारों ने पहचान छिपाने के लिए एक ने हेलमेट से और पीछे बैठे युवक ने कपड़े से चेहरा ढका था। सूत्रों के मुताबिक, यही गिरोह 15 दिन पहले सेक्टर-11 थाना क्षेत्र में भी झपटमारी कर चुका है। बताया जा रहा है कि आरोपी बद्दी की ओर से आते हैं और वारदात के बाद धनास की ओर वापस भाग जाते हैं। इससे साफ है कि आरोपियों का नेटवर्क संगठित है और वह लंबे समय से झपटमारी कर रहे हैं।
पहली वारदात सेक्टर-38सी निवासी बुजुर्ग महिला सरिता के साथ हुई। वह सुबह घर के बाहर फूल तोड़ रहीं थीं कि तभी बाइक सवार झपटमार आए और एक ने नीचे उतरकर उनकी चेन झपट ली और अपने साथी की बाइक पर बैठकर भाग गया। सरिता ने हिम्मत दिखाते हुए उनका पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी भाग निकले। इसके बाद सरिता ने पुलिस को शिकायत दी।
दूसरी वारदात चंद मिनट बाद सेक्टर-25/38 के लाइट पाॅइंट पर महिला किरण के साथ हुई। किरण रक्षाबंधन पर अपने भाई से मिलने चंडीगढ़ आई थी। वह ऑटो चालक से बात कर रही थी कि तभी बाइक पर आए दो युवकों ने उनके गले से चेन झपटी और मौके से भाग गए।
चोरी की बाइक पर आए थे झपटमार, लोगों में दहशत
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से बाइक का नंबर ट्रेस किया। जांच में सामने आया कि यह बाइक लुधियाना में रजिस्टर्ड है और 15 दिन पहले वहीं से चोरी हुई थी। आरोपी इसी बाइक का इस्तेमाल लगातार कर रहे हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि शहर में चोरी की बाइक घूमती रही और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। दिनदहाड़े हुई वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। लोग कह रहे हैं कि सुबह भी बाहर निकलना असुरक्षित हो गया है। सवाल है कि चोरी की बाइक पर वारदात हो रही हैं, लेकिन पुलिस की चौकसी नाकाम नजर आ रही है। इस साल अब तक 55 से अधिक स्नैचिंग की वारदात हो चुकी हैं।