चंडीगढ़। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में 17 वर्षीय नाबालिग समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दूसरे आरोपी की पहचान अरुण पाल (18) निवासी पिपली टाउन वाला (मनीमाजरा) के रुप में हुई है। दोनों की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं हैं। वहीं, आरोपी दो मोटरसाइकिल सोलन में जब्त करवा चुके हैं।औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक चोरी के दोपहिया वाहन के साथ आ रहे हैं। सूचना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने औद्योगिक क्षेत्र, फेज 1 स्थित गोशाला के पास नाका लगाकर चोरी की बाइक पर सवार अरुण पाल और उसके साथी को पकड़ लिया। आरोपी जिस बाइक पर सवार थे, उसे उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र से चोरी की थी। उसकी एफआईआर औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज है। जांच के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दो और मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उन्हें जिला अदालत में पेश किया, जहां से नाबालिग को बाल सुधार गृह और आरोपी अरुण पाल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पूछताछ के दौरान अरुण पाल ने बताया कि बरामद बाइकों के अलावा उन्होंने दो अन्य बाइकें चोरी कीं थीं। इनमें से एक मोटरसाइकिल सेक्टर-26 थाना क्षेत्र और दूसरी मनीमाजरा से चोरी की थी। चोरी की इन दोनों बाइकों पर वह हिमाचल गए थे। बाइक के दस्तावेज न होने के चलते सोलन पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया था। चंडीगढ़ पुलिस ने सोलन पुलिस को इन मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी दे दी है।