-बाइक पर सवार होकर जा रहे थे हेरोइन ठिकाने लगाने
-
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। थाना घरिंडा पुलिस ने शुक्रवार की सुबह हेरोइन तस्करी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर 52.83 किलो हेरोइन बरामद की। आरोपियों की पहचान गुरजीत सिंह उर्फ जीत और रंजीत सिंह उर्फ ढिल्लू के रूप में की गई है। दोनों ही अजनाला थाने के अधीन तलवंडी राय दादू गांव के निवासी हैं और उनके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था।
एसएसपी सोहेल मीर ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। पकड़े गए आरोपियों के पास से बरामद हेरोइन पाकिस्तान से भेजी गई थी और कुछ दिन पहले ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा घरिंडा इलाके में गिराई गई थी।
आरोपियों को सिल्वर रंग की हीरो हांडा बाइक पर सवार होकर हेरोइन सप्लाई करते समय पकड़ा गया। सब इंस्पेक्टर राजबीर सिंह को सूचना मिली थी कि ये दोनों बस अड्डा के पास किसी का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने वहां छापामारी कर आरोपियों को बस शेल्टर के पास गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से प्लास्टिक के बैग बरामद किए।
वीरवार को भी मिली थी 42 किलो की खेप
जांच में आरोपियों ने स्वीकार किया कि यह खेप उन्हें किसी अन्य तस्कर ने दूसरे तस्करों तक पहुंचाने के लिए दी थी। पुलिस बैकवर्ड और फारवर्ड लिंक की पड़ताल में जुटी है। एसएसपी सोहेल मीर ने कहा कि आरोपियों की निशानदेही पर हेरोइन की बड़ी खेप बरामद होने की संभावना है। पुलिस द्वारा यह हेरोइन बरामदगी लगातार दूसरे दिन हुई है। इससे पहले वीरवार को 42 किलो हेरोइन, चार हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल बरामद किए गए थे। घरिंडा पुलिस का दावा है कि यह कार्रवाई तस्करी के नेटवर्क को कमजोर करने और मादक पदार्थों की सप्लाई चैन को रोकने की दिशा में एक बड़ा कदम है।