मोहाली। घड़ूआं इलाके में सोमवार रात करीब सवा दस बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ सात गोलियां चलाईं। हमले में युवक बाल-बाल बचा। उसने हिम्मत दिखाते हुए हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन बदमाश भाग निकले, हालांकि उनकी बाइक और मोबाइल वहीं गिर गया। हमले से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित युवक घड़ूआं निवासी मनप्रीत सिंह ने बताया कि उनके घर रात करीब सवा 10 बजे दो युवक आए और उन्होंने उनका नाम लेकर आवाज लगाई। घरवाले बाहर आए तो युवकों ने मनप्रीत से मिलने की बात कही। इसके बाद परिवार ने मनप्रीत को बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आया तो बाइक सवार दो युवकों में से एक ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। उसने जैसे-तैसे अपना बचाव किया और चिल्लाते हुए हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान हमलावरों की मोटरसाइकिल वहीं गिर गई। इसके बाद दोनों युवक भागने लगे। इस बीच एक का मोबाइल भी गिर गया।
युवक ने बताया कि हमले के दौरान दो गोलियां उसके गेट पर लगीं जबकि एक गोली गेट के साथ पिलर पर लगी। बाकी गोलियां मोटरसाइकिल पर लगीं। फायरिंग करने के बाद गैंगस्टर पैदल ही मौके से फरार हो गए। युवक ने एक रिश्तेदार और कुछ अन्य पर शक जताया है। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हमलावरों की मोटरसाइकिल और मोबाइल को कब्जे में ले लिया। मोबाइल को जांच के लिए भेज दिया गया है।
अमेरिका में रहने वाले भाई से रंजिश के चलते हमला
सूत्रों से पता चला है कि अमेरिका में रहने वाले मनप्रीत के भाई सन्नी धनोआ की कुछ लोगों से रंजिश है। वह वहां पर जग्गू भगवानपुरिया के विरोधी ग्रुप के साथ बातचीत करता था। इससे नाराज होकर वहां रहने वाले कुछ लोगों ने मनप्रीत को फोन करके चेताया था कि वह अपने भाई को ऐसा करने से रोके। इस बात पर उन्होंने ध्यान नहीं दिया और आज हमला हो गया।
झोटा होशियारपुरिया ने ली फायरिंग की जिम्मेदारी
हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर झोटा होशियारपुरिया नामक प्रोफाइल से हमले की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में कहा गया है कि... वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह... अज्ज जो घड़ूआं पिंड विच गोली चल्ली है, ओह असीं चलाई ए.. इस गोली दा मेन कारण सन्नी धनोआ है जो अमेरिका विच्च ओहनां दी एंटी पार्टी नाल मिलदा वरतदा है... ओहनां दे कहन ते साडे लम्मे वीर दा पता कराऊंदा फिरदा सी... जद असीं इसदी जानकारी मनप्रीत धनोआ नूं दित्ती... ओही मनप्रीत जिसदे घर फायरिंग होई है नूं दित्ती तां ओहने सानूं टिचर जेही करके साडा फोन कट दित्ता.. उसदी टिचर दा जवाब असीं गोलियां नाल दे दित्ता है जो अग्गे तो एह गलती करणगे तां फिर दोवें भरावां नूं मारांगे... अज्ज असीं मनप्रीत ता नईं मारेया क्योंकि असीं सौंह खादी सी कि कोई नजायज बंदा नईं मारांगे। पोस्ट के साथ जग्गू भगवानपुरिया
ग्रुप, लम्मा, अंकुश बाहमण, झोटा होशियारपुरिया और जेडजेडजेडजेड के नाम को टैग किया गया है।
कोट
मनप्रीत सिंह के घर पहुंचे दो अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की। इस दौरान सात राउंड फायरिंग की गई। हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। इस संबंध में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
-अमनदीप सिंह बराड़, एसपी इन्वेस्टिगेशन