माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। शहर में बुधवार को जहां कोरोना के 127 नए मरीज मिले, वहीं दो मरीजों की मौत की पुष्टि की गई। मरने वाले दोनों मरीज कोरोना पॉजिटिव होने के साथ अन्य गंभीर बीमारियों से भी ग्रस्त थे। मृतकों की पहचान सेक्टर-33 निवासी 60 वर्षीय वृद्धा और मनीमाजरा निवासी 70 वर्षीय वृद्ध के रूप में हुई है। सेक्टर-33 निवासी वृद्धा की मौत मोहाली के एक निजी अस्पताल में जबकि मनीमाजरा निवासी वृद्ध की जीएमसीएच-32 में बुधवार को हुई। वहीं, बुधवार को पॉजिटिव मिले मरीजों में पुरुषों की संख्या 80 और महिलाओं की संख्या 47 है। दूसरी तरफ स्वस्थ होने वाले 155 मरीजों को डिस्चार्ज भी किया गया। शहर में अब तक कोरोना संक्रमित हुए मरीजों की संख्या 12820 हो चुकी है। वहीं 182 मरीजों की मौत हो चुकी है।