चंडीगढ़। ओएलएक्स पर अब तक गाड़ियां बेचने के नाम पर लोगों से पैसे ठगने के मामले सामने आते रहे हैं। इस बार टवेरा गाड़ी बेचने के बाद पुराने गाड़ी मालिक ने बेचने वाले के खाते से 2.27 लाख रुपये ज्यादा निकलवा लिए। इतना ही नहीं फिर उसी गाड़ी को चुरा लिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन यूटी पुलिस कार्रवाई करने के बजाय शांत बैठी रही। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने जिला अदालत का दरवाजा खटखटाया तो इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने कुरुक्षेत्र के शाहबाद निवासी आरोपी राकेश कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार 2017 में कॉलोनी नंबर-4 निवासी संतोष कुमार सेक्टर-29-सी के एक निजी स्कूल में ड्राइवर का काम करता था। उसे टवेरा गाड़ी खरीदनी थी। इसके चलते उसने ओएलएक्स पर गाड़ी बिकने का विज्ञापन देखा। उसने नंबर पर संपर्क किया तो उसने अपना नाम राकेश कुमार गर्ग बताया और गाड़ी देखने के लिए उसने उन्हें कुरुक्षेत्र के शाहबाद बुलाया। गाड़ी का सौदा 4 लाख 80 हजार में तय हुआ। गाड़ी पर एसबीआई बैंक से कर्ज था जिसकी 12,600 रुपये प्रति माह किस्त थी और कुल 36 किस्तें रह गई थीं। शिकायतकर्ता ने 80 हजार रुपये नकद दिए और उसे करीब 31 खाली चेक दे दिए।
संतोष से राकेश ने कहा कि कर्ज खत्म होते ही गाड़ी उसके नाम पर पंजीकृत करवाई जाएगी। इसके बाद आरोपी ने संतोष के खाते से बाकी के बचे 4 लाख के बजाए 6 लाख 27 हजार 750 रुपये निकलवा लिए। जब संतोष ने उससे अपने रुपये और एनओसी मांगी तो वह टाल-मटोल करके धमकाने लगा।
आरोपी ने नकली चाबी से चुराई गाड़ी
जुलाई 2020 को राकेश ने नकली चाबी के जरिए चंडीगढ़ से संतोष की गाड़ी चुरा ली। चोरी का पता चलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद 13 अगस्त को उसने एसएसपी कार्यालय में भी लिखित शिकायत दी पर तब भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता संतोष ने अदालत की शरण ली।