माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। शहर में सोमवार को कोरोना से जहां दो मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, वहीं 55 नए संक्रमित मिले। उधर, होम आइसोलेशन में रखे गए 101 मरीजों को 10 दिन की अवधि पूरी होने पर छुट्टी दे दी गई। पॉजिटिव मिले मरीजों में पुरुषों की संख्या 28 और महिलाओं की संख्या 27 है। वहीं सबसे ज्यादा 8 मरीज मनीमाजरा से मिले।
सोमवार को जिन दो मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, उनमें से सेक्टर 51 निवासी 62 वर्षीय वृद्ध की मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह केरोना पॉजिटिव होने के साथ ही डायबिटीज, हाइपरटेंशन के मरीज थे। वहीं, खुड्डा लाहौरा निवासी 70 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान जीएमएसएच-16 में मौत हो गई। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही डायबिटीज और हाइपरटेंशन के मरीज थे।
शहर में सोमवार को 1255 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिनमें से 55 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं 133 की रिपोर्ट आनी बाकी है। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग का कहना है कि 1255 लोगों में 55 की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से शहर में पॉजिटिव केस का ग्राफ 5 प्रतिशत से नीचे चला गया है जो पिछले 3 दिनों से 5 प्रतिशत से ज्यादा था। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में प्रतिदिन 1100 से 1200 जांच की जा रही है। इसमें आरटीपीसीआर 400 और 600 से 700 रैपिड एंटीजन टेस्ट शामिल हैं। जांच के दौरान मोबाइल टीम को जिन मरीजों में कोरोना के लक्षण आने के बावजूद रिपोर्ट नेगेटिव आती है उनका सैंपल लेकर आरटीपीसीआर के लिए अस्पताल भेज दिया जाता है।