नयागांव। मोहाली जिले में ऑपरेशन सील-2 के तहत अंतरराज्यीय सीमाओं पर नाकेबंदी की गई थी। इसके तहत 12 मार्च को मुल्लांपुर थाना क्षेत्र के अधीन पड़ते बद्दी-सिसवां रोड पर सीआईए स्टाफ ने नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान चेकिंग में सवा किलोग्राम अफीम के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों की पहचान शाम सिंह निवासी फेज- 2 राम दरबार, चंडीगढ़ और राम भरोसे गांव हररायपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। सीआईए स्टाफ ने दोनों नशा तस्करों को अदालत में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया है। सीआईए सब इंस्पेक्टर बलजिंदर कौर ने बताया कि 12 मार्च को करीब साढ़े तीन बजे वह अपनी टीम के साथ बद्दी-सिसवां रोड पर नाकाबंदी करके वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें बद्दी (हिमाचल प्रदेश) की ओर से एक कार आती दिखाई दी। उसे जांच करने के लिए रोका तो देखा कि कार में बैठे दोनों आरोपी घबराए हुए थे। तलाशी के दौरान उनके डैशबोर्ड से एक लिफाफे में सवा किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार करके एनडीपीएस एक्ट के तहत कर दर्ज कर लिया गया।