चंडीगढ़। शहर में मंगलवार को कोरोना से जहां दो मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, वहीं 56 नए संक्रमित मिले। नए मरीजों में पुरुषों की संख्या 27 और महिलाओं की संख्या 29 रही। वहीं, होम आइसोलेशन में रखे गए 79 मरीजों को 10 दिन की अवधि पूरी हो जाने पर छुट्टी दे दी गई।
मृतकों में शामिल मनीमाजरा निवासी 82 वर्षीय वृद्ध ने इलाज के दौरान जीएमसीएच-32 में दम तोड़ दिया। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही सांस की गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे। वहीं, सेक्टर-8 निवासी 72 वर्षीय वृद्ध की मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में मौत हुई। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही हाइपरटेंशन व किडनी के मरीज थे। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, 24 घंटे के दौरान 1352 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिसमें 56 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जबकि अभी 125 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। शहर में पॉजिटिव केस की संख्या 19184 हो गई है जबकि 18508 मरीज ठीक हो चुके हैं। 312 मरीजों की मौत हो चुकी है। शहर में सक्रिय मरीजों की संख्या 364 है।