कार की टक्कर से इको वैन पलट गई। हादसे में इको वैन सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। सूचना मिलने पर सदर थाना से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहगीरों और पुलिस ने घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में इको में सवार गांव मुंडलाना निवासी अमित (28) और गांव कथूरा निवासी कृष्ण (45) की मौत हो गई।
कृष्ण कथूरा खंड के बीडीपीओ कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत था और वह जिला मुख्यालय में किसी काम से जा रहा था। हादसे में इको चालक नरेश के साथ ही गांव कोहला निवासी सतीश (39), गांव खानपुर खुर्द निवासी सुनील (30), नरवाना निवासी टेकचंद (50) और गांव गंगेसर निवासी सुमित (26) घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बीपीएस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में कृष्ण व अमित के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।