चंडीगढ़। शहर कोे 21 साल बाद नेशनल इंडोर रोइंग चैंपियनशिप की मेजबानी मिली है। चैंपियनशिप 12 व 13 नवंबर को पीयू के जिमनेजियम हॉल में आयोजित की जाएगी। लेकिन आयोजन से पहले ही यूटी खेल विभाग पर चैंपियनशिप की मेजबान चंडीगढ़ रोइंग एसोसिएशन ने एग्रोमीटर इक्यूपमेंट नहीं दिए जाने का आरोप लगाए जाने से विवाद हो गया है। पीयू में वीरवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान एसोसिएशन के सचिव राजीव शर्मा ने खेल विभाग के रवैये पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि शहर को 21 साल बाद मेजबानी का मौका मिला है। इसके बाद भी खेल विभाग ने मदद करने की बजाए इक्यूपमेंट देने से साफ मना कर दिया। इसके बाद दूसरे राज्यों की एसोसिएशनों से एग्रोमीटर मांग कर नेशनल इंडोर चैंपियनशिप का आयोजन कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ रोइंग एसोसिएशन इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त हैं। ऐसे में जिस भी इवेंट की मेजबानी शहर को मिलेगी वह खेल विभाग से मदद ले सकता हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के पास पांच एग्रोमीटर हैं, हमने सिर्फ चार एग्रोमीटर मांगे थे उन्होंने देने से साफ मना कर दिया।
एग्रोमीटर के लिए अन्य राज्यों से मिले
सचिव ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, पुणे, दिल्ली तथा हैदराबाद से एग्रोमीटर आए हैं। इनमें से हैदराबाद से चार एग्रोमीटर शुक्रवार सुबह पहुंच जाएंगे। उन्होनें कहा कि 24 एग्रोमीटर की जरूरत थी। इसमें 20 इवेंट और चार खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे में यूटी खेल विभाग से तो बेहतर पंजाब व हरियाणा हैं, जिसने एसोसिएशन की मदद की है। उन्होंने बताया कि हरियाणा से 10 ,पंजाब से 6, दिल्ली से 3, पुणे से 2 तथा हैदराबाद से तीन एग्रोमीटर मिले हैं।
अपने खिलाड़ियों से सौतेलापन
सेक्रेटरी राजीव शर्मा ने बताया कि एग्रोमीटर के लिए खेल विभाग को एक सप्ताह पहले ही पत्र लिखा था, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। इस नेशनल चैंपियनशिप में चंडीगढ़ की टीमों से खिलाड़ी शिरकत कर रहे है। ऐसे में एग्रोमीटर न देने पर खेल विभाग अपने ही खिलाड़ियों से सौतेला व्यवहार कर रहा है।
विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी कर रहे हैं शिरकत
प्रेसवार्ता में रोइंग खेल के ओलंपियन व द्रोणाचार्य अवार्डी इस्माइल बेग भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि इंडोर रोइंग चैंपियनशिप में 22 लड़के व लड़कियों की टीमों में देश के कई राज्यों से 350 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंडोर रोंइग चैंपियनशिप का आयोजन 2016 में पहली बार भारत में किया गया था।
कोट
खेल विभाग के डायरेक्टर इन दिनों छुट्टी पर हैं। मुझे इक्यूपमेंट देने का अधिकार नहीं हैं। यह अधिकार डायरेक्टर के पास ही होता है। कई ऐसे अधिकार होते है जो संयुक्त खेल डायरेक्टर के पास नहीं होते। - सुनील रेयात, खेल विभाग के संयुक्त खेल निदेशक